हिंदी करेंट अफेयर्स प्रश्नोत्तरी : 11 जून, 2019

1. हाल ही में किस उत्तर अमेरिकी देश ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर 2021 से प्रतिबन्ध लगाने का निर्णय लिया है?
उत्तर – कनाडा
कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिस ट्रूडो हाल ही में घोषणा की है कि वर्ष 2021 से देश में सिंगल-यूज़ प्लाटिक पर प्रतिबन्ध लगा दिया जायेगा, इसका उद्देश्य महासागरों में प्रवेश करने वाले कचरे को कम करना है। उन्होंने प्लास्टिक बैग, स्ट्रॉ तथा कटलरी को चलन से बाहर करने को वैश्विक चुनौती घोषित किया, इससे विश्व के महासागरों में प्रदूषण बढ़ रहा है। वर्तमान में कनाडा में केवल 10% कचरे को ही रीसायकल किया जाता है। कनाडा सरकार के अनुसार प्रतिवर्ष एक मिलियन से अधिक पक्षी तथा एक लाख से अधिक समुद्री जीव गलती से प्लास्टिक को भोजन समझ कर खाने के कारण मर जाते हैं अथवा घायल हो जाते हैं। समुद्री वातावरण को प्रदूषित करने में 70% हिस्सा प्लास्टिक कचरे का है। इससे पहले यूरोपीय संघ ने भी प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, इटली तथा यूरोपीय संघ ने 2018 G7 शिखर सम्मेलन में महासागरों में प्रदूषण को कम करने के लिए प्रतिबद्धता ज़ाहिर की थी।
2. किस बैंक ने होम लोन को रेपो दर से लिंक किया?
उत्तर – भारतीय स्टेट बैंक
भारतीय स्टेट बैंक ने होम लोन दरों को रेपो दर से लिंक करने का निर्णय लिया है। रेपो दर में होने वाले बदलाव के मुताबिक होम लोन दर में भी बदलाव होगा।
3. हाल ही में अंतरिम केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – शरद कुमार
शरद कुमार को अंतरिम केन्द्रीय सतर्कता आयुक्त नियुक्त किया गया है। शरद कुमार राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। शरद कुमार हरियाणा कैडर से 1979 बैच के आईपीएस अधिकारी है। वे एनआईए में अध्यक्ष पद पर चार साल तक अपनी सेवाएँ देने के बाद सितंबर 2017 में सेवानिवृत्त हुए थे।
केंद्रीय सतर्कता आयोग (CVC)
केन्द्रीय सतर्कता आयोग सरकारी भ्रष्टाचार को संबोधित करने के लिए गठित किया गया केंद्र सरकार का सर्वोच्च सरकारी निकाय है। यह आयोग भ्रष्टाचार रोकथाम के लिए के. संथनम समिति की सिफारिशों पर फरवरी 1964 में केंद्र सरकार द्वारा स्थापित किया गया था। केन्द्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) अधिनियम, 2003 के प्रावधानों के अनुसार इसकी स्थिति वैधानिक स्वायत्त निकाय की है, और यह किसी भी कार्यकारी प्राधिकारी से नियंत्रण मुक्त है। यह निकाय केंद्र सरकार के तहत सभी सतर्कता गतिविधियों पर नज़र रखता है और केंद्र सरकार के संगठनों में विभिन्न प्राधिकारी वर्गों को सतर्कता कार्य की योजना बनाने, उनके निष्पादन, समीक्षा और सुधार करने में भी मदद करता है। सीवीसी की अध्यक्षता केंद्रीय सतर्कता आयुक्त द्वारा की जाती है और इसमें दो सतर्कता आयुक्त होते हैं. जिन्हें चयन समिति की सिफारिशों पर राष्ट्रपति द्वारा नियुक्त किया जाता है इस समिती में सभापति के रूप में प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और लोकसभा में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के नेता या संसद में बहुमत समूह के नेता शामिल होते है।
4. भारत का पहला डायनासोर म्यूजियम व पार्क किस राज्य में स्थित है?
उत्तर – गुजरात
हाल ही में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपानी ने भारत के पहले डायनासोर संग्रहालय व जीवाश्म पार्क का उद्घाटन गुजरात के महिसागर जिले के बालासिनोर कस्बे में रैयोली गाँव में किया। इस संग्रहालय में प्रागैतिहासिक काल की तरह का माहौल तैयार किया जायेगा। इसमें डायनासोर की 50 कलाकृतियाँ मौजूद होंगी। यहाँ पर एक कलाकृति राजासौरस नर्मदेंसिस डायनासोर की भी होगी, यह डायनासोर गुजरात में पाया जाता था। इस संग्रहालय में 3डी प्रोजेक्शन, 360 डिग्री वर्चुअल रियलिटी प्रेजेंटेशन, इंटरैक्टिव कीओस्क, गेमिंग कंसोल तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकारी अधिकारियों के अनुसार रैयोली वैश्विक तौर पर तीसरा सबसे बड़ा जीवाश्म स्थल है, यहाँ पर डायनासोर के 10,000 अण्डों के अवशेष मिले हैं।
5. किस देश ने ‘IndSpaceEx’ नामक प्रथम सिमुलेटेड अन्तरिक्ष युद्ध अभ्यास का आयोजन करने का निर्णय लिया है?
उत्तर – भारत
भारत प्रथम सिमुलेटेड अन्तरिक्ष अभ्यास “IndSpaceEx” के आयोजन की योजना बना रहा है, इस अभ्यास का आयोजन जुलाई के अंतिम सप्ताह में रक्षा मंत्रालय के एकीकृत रक्षा स्टाफ के तहत किया जा सका है। इस अभ्यास में सैन्य कार्य से सम्बंधित सभी संगठन हिस्सा लेंगे, इसमें वैज्ञानिक भी शामिल होंगे। इस अभ्यास का उद्देश्य अन्तरिक्ष युद्ध की सभी संभावित चुनौतियों से परिचित होना है। इसका उद्देश्य अन्तरिक्ष के क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभुत्व का सामना करना है जो कि भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा है।
6. हाल ही में सुर्ख़ियों में रहा गुआदलाहारा अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेला किस देश से सम्बंधित है?
उत्तर – मेक्सिको
33वें गुआदलाहारा अंतर्राष्ट्रीय पुस्तक मेले का आयोजन मेक्सिको में किया जाएगा, इस पुस्तक मेले में भारत को गेस्ट ऑफ़ ऑनर चुना गया है। इस पुस्तक मेले का आयोजन 30 नवम्बर से 8 दिसम्बर के दौरान किया जाएगा। यह स्पेनिश भाषा बोलने वाले देशों में सबसे बड़ा पुस्तक मेला होगा। इस मेले में “इंडिया पवेलियन” में 35 से अधिक भारतीय लेखकों तथा 15 पब्लिशिंग हाउसेस की पुस्तकों को प्रस्तुत किया जायेगा। इस मेले में प्राचीन व दुर्लभ हस्तलिपियों को भी प्रदर्शित किया जायेगा, इसमें “रामायण” और “महाभारत” का प्रदर्शन भी किया जायेगा। इसके अलावा इस मेले में फोटो बुक, हस्तशिल्प तथा पेंटिंग को भी प्रदर्शन के लिए रखा जायेगा। भारत इसके फिल्म फेस्टिवल में भी हिस्सा लेंगे जिसमे “दंगल”, “चेन्नई एक्सप्रेस” तथा “ओमकारा” जैसी फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा।
7. कजाख्स्तान का नया राष्ट्रपति किसे चुना गया है?
उत्तर – कैसिम जोमार्त तोकायेव
अंतरिम राष्ट्रपति कैसिम जोमार्त तोकायेव ने कजाख्स्तान के राष्ट्रपति चुनाव को जीत लिया है, उन्होंने चुनाव में 70.96% वोट प्राप्त हुए हैं। वे 12 जून को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। उन्होंने नूरसुल्तान नज़रबायेव के इस्तीफे के बाद अंतरिम राष्ट्रपति का कार्यभार संभाला था।
8. हाल ही में सुर्ख़ियों में रहा लिपो नामक स्थान किस राज्य में स्थित है?
उत्तर – अरुणाचल प्रदेश
भारतीय वायुसेना के लापता विमान AN-32 का मलबा अरुणाचल प्रदेश में मिला, इसकी पुष्टि भारतीय वायुसेना ने कर दी है। यह मलबा तातो के उत्तर पूर्व तथा लिपो के उत्तर में 16 किलोमीटर दूर 12,000 फीट की ऊंचाई पर मिला है। इसे वायुसेना के Mi-17 हेलीकाप्टर ने ढूँढा। AN-32 में सवार लोगों के बारे में अभी तक कोई सूचना नहीं मिल सकी है।
मुख्य बिंदु
AN-32 एयरक्राफ्ट ने जोरहाट से 3 जून को दोपहर 12:27 मिनट पर उड़ान भरी थी, यह विमान मेचुका एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड (चीन की सीमा से 29 किलोमीटर दूर) के लिए रवाना हुआ था। मेचुका घाटी अरुणाचल प्रदेश के पश्चिम सियांग जिले में स्थित है। ग्राउंड एजेंसियों से इस विमान का आखिरी सम्पर्क 3 मई को दोपहर के एक बजे हुआ था। इसका बाद भारतीय वायुसेना ने बड़े पैमाने पर विमान की खोज शुरू की।
लापता एयरक्राफ्ट की खोज के लिए C130 J सुपर हर्कुलस एयरक्राफ्ट, AN-32 सैन्य परिवहन एयरक्राफ्ट, दो Mi-17 हेलिकॉप्टर तथा एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर को लगाया गया था। यह खोज कार्य भारतीय थल सेना तथा अन्य सरकारी एजेंसियों के साथ मिलकर किया गया।
अन्तोन AN-32
यह एक सामरिक परिवहन एयरक्राफ्ट है, इसका उपयोग भारतीय वायुसेना द्वारा वृहत स्तर पर किया जाता है। यह एयरक्राफ्ट 1984 से सेवा में कार्यरत्त है। यह अधिकतम 31,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ सकता है, इसकी गति 470 किलोमीटर प्रति घंटा है।
9. पुलिस अनुसन्धान व विकास ब्यूरो का महानिदेशक किसे नियुक्त किया गया?
उत्तर – वी.एस. कौमुदी
केंद्र सरकार ने भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी वी. एस. कौमुदी को पुलिस अनुसन्धान व विकास ब्यूरो का महानिदेशक नियुक्त किया है।
मुख्य बिंदु
कैबिनेट की नियक्ति समिति ने वी. एस. कौमुदी को पुलिस अनुसन्धान व विकास ब्यूरो का महानिदेशक नियुक्त करने के प्रस्ताव को मंज़ूरी दी, महानिदेशक के पद को कम करके अस्थायी रूप से अतिरिक्त महानिदेशक (पे मैट्रिक्स में लेवल-15) के स्तर के समान किया गया है। वी.एस. कौमुदी आईपीएस सुदीप लखटकिया का स्थान लेंगे। उनका कार्यकाल दो वर्ष का होगा।
आईपीएस वी. एस. कौमुदी आंध्र प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। वे वर्तमान में केन्द्रीय रिज़र्व में अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में कार्यरत्त हैं।
पुलिस अनुसन्धान व विकास ब्यूरो
पुलिस अनुसन्धान व विकास ब्यूरो की स्थापना 28 अगस्त, 1970 को की गयी थी। इसका उद्देश्य भारत द्वारा सरकार द्वारा देश के पुलिस बल का आधुनिकीकरण करना था। वर्तमान में इसके चार डिवीज़न हैं – अनुसन्धान, विकास, प्रशिक्षण तथा प्रशासन। इसका मुख्यालय नई दिल्ली में स्थित है।
10. 17वीं लोकसभा का प्रोटेम स्पीकर किसे चुना गया है?
उत्तर – वीरेंद्र कुमार
भारतीय जनता पार्टी के नेता वीरेंद्र कुमार को 17वीं लोकसभा के लिए प्रोटेम स्पीकर चुना गया है। वीरेंद्र कुमार मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से सात बार सांसद रह चुके हैं। प्रोटेम स्पीकर का कार्य नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाना होता है। प्रोटेम स्पीकर ही नियमित स्पीकर के निर्वाचन कार्य का पर्यवेक्षण करता है। नए सांसद लोकसभा के पहले सत्र के दो दिनों में शपथ लेंगे। 17वीं लोकसभा के लिए स्पीकर का चयन 19 जून को किया जायेगा।
लोकसभा का प्रोटेम स्पीकर
नयी सरकार के गठन के बाद लोकसभा के वरिष्ठ सदस्यों की सूची तैयार करके संसदीय मामलों के मंत्री को सौंपी जाती है, वे प्रोटेम स्पीकर का चयन करते हैं। प्रोटेम स्पीकर की नियुक्ति को राष्ट्रपति द्वारा मंज़ूरी दी जाती है।

Comments


Powered by JSN Media (Current Affairs) 2019-20.