खेलकूद करेंट अफेयर्स:09 March 2019
क्रिकेट को एशियाई खेलों में पुनः शामिल किया जायेगा
एशियाई ओलिंपिक परिषद् ने 2022 में चीन के हांगझू में आयोजित किये जाने वाले एशियाई खेलों में क्रिकेट को शामिल किये जाने को मंज़ूरी दे दी है।
एशियाई खेलों में क्रिकेट
- इससे पहले एशियाई खेलों में क्रिकेट को 2010 तथा 2014 में शामिल किया गया था, परन्तु 2018 के एशियाई खेलों में क्रिकेट को शामिल नहीं किया गया था।
- एशियाई खेलों में 2010 तथा 2014 की भाँती टी-20 क्रिकेट संस्करण को शामिल किया जा सकता है।
- 2014 में श्रीलंका और पाकिस्तान ने पुरुषों व महिलाओं की श्रेणी में स्वर्ण पदक जीते थे, जबकि 2010 में बांग्लादेश और पाकिस्तान ने पुर्ष व महिला श्रेणी में स्वर्ण पदक जीते थे।
- भारतीय क्रिकेट टीम ने दोनों संस्करणों में हिस्सा नहीं लिया था।
इसके अतिरिक्त एशियाई ओलिंपिक समिति ने एशियाई खेलों में ओशिनिया देशों को भी भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है, इन देशों में ऑस्ट्रेलिया भी शामिल है। ओशिनिया के खिलाड़ी केवल वॉलीबॉल, बीच वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, सॉकर तथा फेंसिंग जैसे खेलों में हिस्सा ले सकते हैं।
एशियाई खेल
एशियाई खेलों में एशिया महाद्वीप के खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं, इनका आयोजन प्रत्येक चार वर्ष बाद किया जाता है, एशियाई खेलों को एशियाड भी कहा जाता है। यह ओलिंपिक के बाद सबसे बड़ा बहु-खेल प्रतिस्पर्धा है। इसका आयोजन एशियाई ओलिंपिक परिषद् द्वारा 1982 से किया जा रहा है, उससे पहले एशियाई खेल संघ द्वारा इसका आयोजन किया जाता था। एशियाई खेलों का आयोजन पहली बार 1951 में नई दिल्ली में किया गया था। अब तक नौ देशों द्वारा इन खेलों का आयोजन किया जा चुका है। भारत ने एशियाई खेलों का आयोजन 1951 और 1982 में किया था।
बजरंग पूनिया ने बुल्गारिया में डैन कोलोव-निकोल पेत्रोव टूर्नामेंट में 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता
भारत के बजरंग पूनिया ने बुल्गारिया में डैन कोलोव-निकोल पेत्रोव टूर्नामेंट में 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल में स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में उन्होंने अमेरिकी पहलवान जॉर्डन ओलिवर को 12-3 से पराजित किया। उन्होंने इस टूर्नामेंट से सर्वाधिक अंक प्राप्त किये। यह 2017 वर्ल्ड चैंपियनशिप के बाद बजरंग का 10 अंतर्राष्ट्रीय पदक था। इससे पहले पूजा ढांडा ने महिलाओं के 59 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था, सरिता मोर ने भी इसी भार वर्ग में ही रजत पदक जीता था। साक्षी मलिक ने महिलाओं के 65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में रजत पदक जीता। पुरुषों के फ्रीस्टाइल इवेंट में संदीप तोमर ने 61 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक जीता।
बजरंग पूनिया
बजरंग पूनिया एक पहलवान हैं, उनका जन्म 26 फरवरी, 1994 को हरियाणा के झज्जर में हुआ था। वर्ष 2013 में उन्होंने एशियाई कुश्ती चम्पिनोशिप में कांस्य पदक जीता, तत्पश्चात इसी वर्ष उन्होंने विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। वर्ष 2014 में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में उन्होंने रजत पदक जीता। 2014 में एशियाई खेलों में उन्होंने पुनः रजत पदक जीता। 2014 एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता में बजरंग पूनिया ने रजत पदक जीता। एशियाई कुश्ती प्रतियोगिता 2017 में बजरंग पूनिया ने स्वर्ण पदक जीता। वर्ष 2018 में राष्ट्रमंडल खेलों में बजरंग पूनिया ने ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में स्वर्ण पदक जीता। इसके अतिरिक्त 2018 एशियाई खेलों में बजरंग पूनिया ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।


Comments
Post a Comment
Please, Enter your name,Email and comment..!